उधर एक तरफ सरकारी स्कूल को ठीक करने की मांग को लेकर जयपुर के एक स्कूल में पहुंची कोकरोच जनता पार्टी की टीम को कुछ लोगों ने जमकर पीटा। CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका के साथ उनकी महिला साथियों को भी खदेड़ा गया। दूसरी तरफ दिल्ली में संसद मार्ग के पुलिस थाने के बाहर राहुल गांधी धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के कई नेताओं ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। राहुल गांधी अचानक थाने के बाहर धरने पर क्यों बैठे हैं, पहले वो देखिए। इसके बाद CJP की टीम के साथ जयपुर में क्या-क्या हुआ है, कैसे CJP की टीम को खदेड़कर गांव से बाहर निकाला गया
दरअसल, राहुल गांधी सड़क से संसद तक जंतर-मंतर के प्रोटेस्ट में 20 तारीख को पुलिस के एक्शन पर सवाल उठाते रहे हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि गृह मंत्री के आदेश पर छात्रों पर पैलेट गन चलाई गई है। जो छात्र पैलेट गन के छर्रों से घायल हुए थे, राहुल गांधी ने उनके साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी। कहा गया था कि इसमें एक छात्र की आंख में गोली लगने से उसकी आंख की रोशनी भी चली गई। हालांकि दूसरी तरफ बीजेपी पैलेट गन चलने के आरोपों को नकारती रही। राहुल गांधी ने कहा कि पैलेट गन को लेकर पुलिस FIR दर्ज करने को तैयार नहीं है।
प्रियंका गांधी से साथ धरने पर डटे राहुल
आज पैलेट गन पीड़ितों को लेकर राहुल गांधी संसद मार्ग वाले थाने पर पहुंच गए और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर FIR दर्ज करने की अपील की। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि पुलिस पैलेट गन पीड़ित साहिल की FIR दर्ज क्यों नहीं कर रही है। इसी के बाद राहुल गांधी संसद मार्ग पर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और FIR दर्ज करने की मांग करने लगे। राहुल गांधी के साथ पीड़ित छात्र और उसकी मां भी धरने पर बैठ गईं।
हालांकि पुलिस पीड़ित की शिकायत को क्राइम ब्रांच भेजने की बात कर रही है, लेकिन आज राहुल गांधी जिस अंदाज में थाने के बाहर पीड़ित के साथ धरने पर बैठे हैं, उसने राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। राहुल गांधी मीडिया से भी बातचीत कर रहे हैं और पैलेट गन चलने के सबूत भी दिखा रहे हैं। उनका कहना है कि इसके बावजूद FIR दर्ज क्यों नहीं हो रही है। उधर दिल्ली से करीब 310 किलोमीटर दूर जयपुर में कोकरोच जनता पार्टी की टीम स्कूल सुधार आंदोलन के तहत एक सरकारी स्कूल में पहुंची थी। इसी दौरान कई लोगों ने उन्हें पीटकर वहां से खदेड़ दिया। उनकी गाड़ियों पर भी पथराव किया गया।
ये भी पढ़ें, यूपी के 8 सबसे बड़े बाहुलबी नेताओं में कौन सबसे बड़ा अमीर- कौन सबसे ज्यादा गरीब ?
आशुतोष रांका के साथ मौजूद महिला समर्थकों पर गांव की महिलाओं ने मिट्टी फेंकी। आशुतोष रांका ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमले में गाड़ियों के शीशे और मोबाइल तोड़े गए, एक महिला से मारपीट हुई और उनकी शर्ट फाड़ दी गई। टीम के एक सदस्य का हाथ फ्रैक्चर हुआ है। आशुतोष ने कहा कि तुरंत इन हमलावरों की गिरफ्तारी होनी चाहिए, नहीं तो पूरे राजस्थान में आंदोलन किया जाएगा। उधर CJP की टीम को चेतावनी देकर गांव से निकाल दिया गया, लेकिन इधर दिल्ली में राहुल गांधी अभी तक थाने के बाहर धरने पर डटे हुए हैं और FIR दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी धरने पर बैठे थे और अब यहां दिल्ली पुलिस के दफ्तर के बाहर बैठे हैं। यानी छात्रों के समर्थन में राहुल गांधी ने संसद से लेकर सड़क तक लड़ाई छेड़ी हुई है।




