नई दिल्ली: 20 जून से जंतर-मंतर पर बैठे अभिजीत दीपके पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। लगातार तीसरे दिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है। आज प्रदर्शन के तीसरे दिन अभिजीत दीपके ने तीन नए ऐलान किए हैं। अभिजीत का दावा है कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें हटाने की हर कोशिश की, लेकिन अभी तक प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जंतर-मंतर पर पानी रोका गया और उन्हें हटाने के लिए बिजली भी काटी गई, लेकिन इसके बावजूद अभिजीत और उनके साथी धरने पर डटे हुए हैं। इसी बीच जंतर-मंतर से कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जिनकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। प्रदर्शन के समर्थन में कई लोग खाना और पानी लेकर पहुंच रहे हैं।
मोहम्मद जुनैद को गले लगाकर भावुक हुए अभिजीत दीपके
मोहम्मद जुनैद नाम के एक शख्स पिछले दो दिनों से प्रदर्शनकारियों के लिए मुफ्त भोजन और नाश्ते की व्यवस्था कर रहे हैं। CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने उनकी जमकर तारीफ की। जुनैद का कहना है कि यह देश का मुद्दा है और इस पर आवाज उठाई जानी चाहिए। आज प्रदर्शन के तीसरे दिन अभिजीत दीपके ने देशभर के किसानों से जंतर-मंतर पहुंचकर समर्थन देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उन्हें यूपी, हरियाणा और पंजाब के किसान भाइयों के समर्थन की जरूरत है। इसके अलावा आज शाम कैंडल मार्च निकालने का भी ऐलान किया गया है।
अभिजीत दीपके की 2 बड़ी मांग
अभिजीत दीपके का कहना है कि धरना स्थल के आसपास बिजली और पानी की व्यवस्था में बाधाएं पैदा की जा रही हैं, ताकि प्रदर्शनकारियों को हटाया जा सके। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। अभिजीत की दो प्रमुख मांगें हैं। पहली, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा। दूसरी, जिन बच्चों ने कथित तौर पर नीट विवाद के कारण अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। अभिजीत दीपके ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का आंदोलन नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य का आंदोलन है, जिसमें हर किसी को शामिल होना होगा।




