ई दिल्ली: जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन के बीच सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल अब 18वें दिन में पहुंच गई है। समर्थकों का दावा है कि इस दौरान उनका करीब 9 किलो वजन कम हो चुका है, मांसपेशियां कमजोर हो गई हैं और उनकी पसलियां व हड्डियां साफ दिखाई देने लगी हैं। छात्रों के भविष्य की मांगों को लेकर वह लगातार अनशन पर बैठे हैं।
इसी बीच आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल अभिजीत दीपके ने देश के कई बड़े नेताओं से जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक का समर्थन करने और उनसे भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील करने का अनुरोध किया है।
अभिजीत दीपके ने राहुल गांधी और विजय थलापति को लिखा पत्र
कोकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जंतर-मंतर पर 35 दिनों से जारी है, जबकि सोनम वांगचुक पिछले 18 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।
अभिजीत दीपके ने कई राजनीतिक नेताओं को पत्र लिखकर जंतर-मंतर आने की अपील की है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के कई सांसद जंतर-मंतर पहुंचे। अरविंद केजरीवाल के भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने की घोषणा की गई, जबकि अभिनेता प्रकाश राज और स्वरा भास्कर पहले ही अपना समर्थन जता चुके हैं। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी जंतर-मंतर पहुंचे हैं।
दीपके ने राहुल गांधी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति को भी पत्र लिखकर जंतर-मंतर आने और सोनम वांगचुक का हौसला बढ़ाने की अपील की है। इसके अलावा अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी से भी समर्थन की अपील की गई है।
दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा मामला
इसी बीच दिल्ली हाईकोर्ट में एक वकील ने याचिका दायर कर सोनम वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए उनके अनशन को समाप्त कराने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि लगातार भूख हड़ताल की वजह से सोनम वांगचुक की हालत तेजी से बिगड़ रही है और यदि समय रहते उनका उचित इलाज नहीं हुआ तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है।
याचिका के अनुसार, उनका करीब 8.5 किलोग्राम वजन कम हो चुका है और उनका ब्लड प्रेशर भी लगातार गिर रहा है। याचिकाकर्ता का कहना है कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो यह देश और दुनिया दोनों के लिए बेहद दुखद होगा।
केंद्र और दिल्ली सरकार को हाईकोर्ट का नोटिस
याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत ने दोनों सरकारों से सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति और मामले में उठाए गए कदमों पर जवाब दाखिल करने को कहा है।
अभिजीत दीपके बोले- सरकार बातचीत करे
अभिजीत दीपके ने कहा कि सोनम वांगचुक देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं और सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और इसके बाद सोनम वांगचुक अपनी भूख हड़ताल समाप्त करें।
बॉलीवुड अभिनेत्री शबाना आज़मी ने भी सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा,”सोनम वांगचुक, हमारे देश को आपकी बहुत जरूरत है। आप अन्याय के खिलाफ और सच के लिए खड़े हैं। हमें आप पर गर्व है, लेकिन हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप अपनी भूख हड़ताल खत्म करें। यह लड़ाई आगे भी लड़नी है, इसलिए आपका स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। हम सब आपके साथ हैं।”
ये भी पढ़ें- सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरा आधा बॉलीवुड, 17वें दिन बिगड़ी तबीयत
इसके अलावा अभिनेत्री रुबीना दिलैक ने सोशल मीडिया पर लिखा, “सोनम वांगचुक असली हीरो हैं। देश के भले के लिए लड़ते हुए उन्हें मरने मत दीजिए।”
इससे पहले भी जीनत अमान, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, ओमी वैद्य और प्रकाश राज सहित कई कलाकार सोनम वांगचुक के समर्थन में बयान दे चुके हैं। फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है, जबकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




