राम मंदिर में चंदा चोरी का पर्दाफाश, 200 चांदी की ईंटों पर भी सवाल; जांच में हुए 5 बड़े खुलासे

ram mandir

अयोध्या: राम मंदिर हिंदुओं की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है। ऐसे में मंदिर से करोड़ों रुपये के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और चोरी के आरोप सामने आने के बाद हर कोई हैरान है। सवाल यह था कि सैकड़ों कैमरों और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आखिर चढ़ावे में गड़बड़ी कैसे हो सकती है। अब इस मामले की जांच में कुछ बड़े खुलासे सामने आए हैं। यूपी सरकार ने मामले की जांच एसआईटी (SIT) को सौंपी थी। शुरुआती जांच में कई ऐसी कमियां और अनियमितताएं सामने आई हैं, जिन्होंने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में हुए 5 बड़े खुलासे

1. चढ़ावे की गिनती में नियमों की अनदेखी
मंदिर में आने वाले चढ़ावे की गिनती के लिए एक निजी कंपनी को जिम्मेदारी दी गई थी। जांच में सामने आया कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और स्थानीय लोगों को भी इस काम में लगाया गया।

2. कर्मचारियों की जांच व्यवस्था कमजोर
चढ़ावे की गिनती करने वाले कर्मचारियों की आने-जाने के दौरान पर्याप्त जांच नहीं होती थी। कौन क्या लेकर अंदर जा रहा है और क्या बाहर ला रहा है, इसका पूरा रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि सीसीटीवी फुटेज का बैकअप सीमित अवधि तक ही उपलब्ध रहता था।

3. यूनिफॉर्म नियमों का पालन नहीं
जांच के मुताबिक कर्मचारियों के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म थी, लेकिन कई बार कर्मचारी सामान्य कपड़ों में ही गिनती का काम करते पाए गए।

4. कैमरों की निगरानी पर सवाल
एसआईटी जांच में यह भी सामने आया कि कुछ मौकों पर कर्मचारियों की गतिविधियां कैमरों में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड नहीं हो पा रही थीं, जिससे निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

5. सोने-चांदी और कीमती वस्तुओं के रिकॉर्ड में अंतर
जांच में नकद राशि के अलावा भक्तों द्वारा चढ़ाए गए सोने, चांदी और अन्य कीमती वस्तुओं के रिकॉर्ड और उपलब्ध स्टॉक में भी अंतर मिलने की बात सामने आई है। मामले की जांच ऐसे समय में सामने आई है, जब पिछले 11 महीनों में राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। शुरुआती कार्रवाई के तहत चढ़ावे की गिनती से जुड़े करीब 40 कर्मचारियों को हटाया गया है। वहीं कई लोगों से पूछताछ और गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जा चुकी है।

200 चांदी की ईंटों को लेकर भी उठे सवाल

इसी बीच राम मंदिर को दान में दी गई 200 चांदी की ईंटों का मामला भी चर्चा में आ गया है। जानकारी के अनुसार, भोपाल के सिंधी समाज की एक संस्था ने मंदिर निर्माण के लिए 200 चांदी की ईंटें दान की थीं। संस्था के प्रतिनिधियों ने दावा किया है कि उन्हें इन ईंटों के संबंध में स्पष्ट जानकारी और रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई। हालांकि इस मामले में आधिकारिक जांच और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के इस मामले ने राजनीतिक बहस भी तेज कर दी है। विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं, जबकि जांच एजेंसियां मामले की तह तक पहुंचने का दावा कर रही हैं। अब सभी की नजर एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Gadar Tv
Author: Gadar Tv

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *